सफीदों, (एस• के• मित्तल) : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सफीदों विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने स्पष्ट किया है कि इस महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जारी है। यह कार्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया से सीधे जुड़ा हुआ है और इसकी समयबद्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लुदाना गांव के बूथ नंबर-191 पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) जोगिंद्र कुमार द्वारा एसआईआर कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा है। निर्धारित समय में बूथ से संबंधित कार्य पूर्ण नहीं किया गया, वहीं आवश्यक अभिलेख भी संबंधित सुपरवाइजर को उपलब्ध नहीं करवाए गए। इस संबंध में कई बार संपर्क कर निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद कार्य में कोई संतोषजनक प्रगति नहीं हुई। एसडीएम ने बताया कि निर्वाचन कार्य को समय पर पूरा करवाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी की सहायता भी उपलब्ध करवाई गई थी, फिर भी संबंधित बीएलओ द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं दिया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अब उनके खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलकित मल्होत्रा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही और समय पर अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि चुनावी कार्यों में कोताही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।












