पति के पहुंचते ही हुआ हंगामा और मारपीट

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों कोर्ट परिसर के बाहर शनिवार सुबह उस समय माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया जब एक महिला अपने कथित प्रेम संबंध को कानूनी रूप देने के लिए स्टांप बनवाने पहुंची और मौके पर उसके पति के पहुंचने से विवाद भड़क उठा। देखते ही देखते यह मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा और मारपीट शुरू हो गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पानीपत जिले के एक गांव की रहने वाली करीब 28 वर्षीय महिला अपने ही जेठ के बेटे के साथ प्रेम संबंध में है। युवक की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है, जो महिला से लगभग 10 साल छोटा है। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति को छोड़कर युवक के साथ रहना चाहती है और दोनों पिछले कुछ समय से साथ रह रहे हैं। शनिवार सुबह दोनों सफीदों कोर्ट के बाहर रिलेशनशिप से जुड़े दस्तावेज तैयार करवाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान महिला का पति कुछ ग्रामीणों के साथ वहां पहुंच गया। पत्नी को युवक के साथ देखकर पति का गुस्सा फूट पड़ा और उसने मौके पर ही विरोध जताना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के पति ने युवक के साथ हाथापाई की, जिससे माहौल और अधिक बिगड़ गया।

कोर्ट परिसर के बाहर अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास के दुकानदार और राहगीर भी इकट्ठा हो गए। सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा और लोग बाहर खड़े होकर पूरा घटनाक्रम देखते रहे। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और शांति बनाए रखने की अपील की। मौके पर महिला अपने फैसले पर अड़ी रही। उसने स्पष्ट कहा कि वह युवक के साथ ही रहना चाहती है और उसी के साथ अपना जीवन बिताएगी। वहीं दूसरी ओर, महिला के पति ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया और चेतावनी दी कि यदि दोनों गांव में साथ दिखाई दिए तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उसने कहा कि अगर दोनों को साथ रहना है तो गांव से बाहर जाकर रहें।












