सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों ब्लॉक कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष रणबीर भुसलाना का उनके पैतृक गांव भुसलाना पहुंचने पर ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने रणबीर भुसलाना को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अभिनंदन समारोह में रणबीर भुसलाना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर निर्भर करती है और वह सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। रणबीर भुसलाना ने बताया कि एचकेआरएन कर्मचारियों को पक्का करने और प्रदेश में नियमित भर्तियां शुरू करवाने की मांग को लेकर कांग्रेस की ओर से 19 अगस्त को पंचकूला में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन सुबह 10:30 बजे एचकेआरएन कार्यालय, सेक्टर-6, पंचकूला में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि पंचकूला में होने वाले धरने में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, धरने के संयोजक विधायक अशोक अरोड़ा सहित कांग्रेस के सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और प्रदेशभर के पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान एचकेआरएन कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में कर्मचारियों का भविष्य अधर में है। उन्होंने आरोप लगाया कि एचकेआरएन की ठेका व्यवस्था में कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन, ग्रेच्युटी, प्रोविडेंट फंड और स्थायी नौकरी जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। रणबीर भुसलाना ने आरोप लगाया कि हरियाणा के युवाओं को पक्की सरकारी नौकरियों में पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे और बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।












