अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस पर विधिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

3
विधिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेताओं को सम्मानित करते हुए कॉलेज स्टाफ
विधिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेताओं को सम्मानित करते हुए कॉलेज स्टाफ

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय, सफीदों में विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से विधिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया ने की। इस मौके पर उपप्राचार्या डॉ. सरला सहरावत विशेष रूप से मौजूद रहीं। यह प्रतियोगिता महाविद्यालय के विधिक जागरूकता प्रकोष्ठ, एनसीसी इकाई, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, लीगल लिटरेसी क्लब तथा मानवाधिकार सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। विधिक जागरूकता प्रकोष्ठ के संयोजक अजय प्रकाश ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून, न्याय, विधिक सहायता तथा नागरिक कर्तव्यों एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता की क्विज मास्टर सीटीओ आरजू पराशर रहीं। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, निःशुल्क विधिक सहायता, भारतीय संविधान, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य तथा न्याय व्यवस्था से जुड़े प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में टीम-बी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में साक्षी, शिवानी एवं शुभम (बी.ए. प्रथम वर्ष) शामिल रहे। इस मौके पर आरजू पराशर, अंशुल, मोहित बूरा, राजीव, दीपक, हितेश सिंह, अरित्रा मंडल, अक्षय तथा संदीप ढिल्लो मौजूद रहे।