ऐतिहासिक होगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जींद महारैली : विजयपाल सिंह

21
पत्रकारों से बातचीत करते हुए रोहतक भाजपा प्रभारी एडवोकेट विजयपाल सिंह
पत्रकारों से बातचीत करते हुए रोहतक भाजपा प्रभारी एडवोकेट विजयपाल सिंह

पीएम मोदी देंगे हाइड्रोजन ट्रेन व विकास कार्यों की सौगात

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 17 जुलाई को जींद में प्रस्तावित विकसित हरियाणा-विकसित भारत महारैली ऐतिहासिक होगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के रोहतक प्रभारी एडवोकेट विजयपाल सिंह ने कही। वे बुधवार को सफीदों शहर स्थित कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह रैली हरियाणा के विकास और राजनीतिक इतिहास का में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। इस महा-रैली का सबसे बड़ा आकर्षण देश की पहली हाइड्रोजन-संचालित ट्रेन का शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री मोदी जींद-सोनीपत रेल मार्ग पर चलने वाली इस अत्याधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह 10 कोच वाली ब्रॉड-गेज ट्रेन होगी, जो शून्य कार्बन उत्सर्जन के साथ 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी। विजयपाल सिंह ने बताया कि इस बार रैली को पूरी तरह ईको-फ्रेंडली बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। आयोजन के दौरान सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के उपायों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने इसे देश की पहली ऐसी जनसभा बताया, जो पर्यावरणीय दृष्टि से एक मिसाल पेश करेगी। प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान हरियाणा को बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिलेगी। इनमें जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड और अंबाला-काला अंब फोरलेन परियोजना का उद्घाटन एवं शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना की शुरुआत भी की जाएगी। कुरुक्षेत्र में एक आधुनिक सिख म्यूजियम और नए मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी प्रधानमंत्री द्वारा रखी जाएगी, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को नया आयाम मिलेगा। विजयपाल सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचें। उन्होंने दावा किया कि केवल सफीदों विधानसभा क्षेत्र से ही हजारों की संख्या में लोग इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गीता बीटानी, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन मदन गोयल, नगरपालिका के वाइस चेयरमैन अखिल गुप्ता, पूर्व पालिका चेयरमैन सेवा सैनी, रवि थनई, गुरप्रीत नत, सक्षम भाटिया, साधु राम कश्यप, सोहन सिंह और मंडल महामंत्री प्रवीन सैनी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।