जींद रैली को लेकर विधायक रामकुमार गौतम ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक

11
बैठक में मौजूद विधायक रामकुमार गौतम व इलाके से आए जनप्रतिनिधि
बैठक में मौजूद विधायक रामकुमार गौतम व इलाके से आए जनप्रतिनिधि

विधायक रामकुमार गौतम ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : जींद रैली की कामयाबी को लेकर विधायक रामकुमार गौतम ने नगर के विश्राम गृह में सफीदों विधानसभा क्षेत्र के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उन्हे जिम्मेदारियां सौंपी। इस मौके पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि सफीदों विधानसभा से हजारों कार्यकर्ता एवं नागरिक जींद की इस ऐतिहासिक जनसभा में भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर रैली को सफल बनाएं। विधायक ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा, विशेषकर जींद जिले के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह न केवल पट्रोल व डीजल रहित है, बल्कि एक पहल स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में भारत का एक महत्वपूर्ण कदम होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने हरियाणा दौरे के दौरान प्रदेश को अनेक विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, सड़क, रेलवे, पर्यटन तथा आधारभूत ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, रोजगार के नए अवसर तथा औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भिवानी एवं नारनौल मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का शिलान्यास, अंबाला-कालाआंब ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की आधारशिला, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा हिस्से का उद्घाटन, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352डी) तथा हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का लोकार्पण भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में ऐतिहासिक एवं भव्य सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी। विधायक ने कहा इन परियोजनाओं से हरियाणा के विकास को नई दिशा मिलेगी और प्रदेश का आधारभूत ढांचा पहले से अधिक मजबूत होगा। उन्होंने दावा किया कि सफीदों विधानसभा क्षेत्र से हजारों की तादाद में लोग रैली में शिरकत करेंगे।