बिजली कर्मचारी 2 जुलाई को घेरेंगे ऊर्जा मंत्री का आवास

15
नारेबाजी करते हुए बिजली कर्मचारी
नारेबाजी करते हुए बिजली कर्मचारी

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन की एक बैठक नगर के बिजली कार्यालय में संपन्न हुई। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला सचिव अनिल पुनियां ने की। इस मौके पर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जब तक उनकी 14 सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू करना, रिस्क अलाउंस देना, पुरानी पेंशन योजना बहाल करना, कैशलेस मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराना और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना शामिल है। कर्मचारी नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि यूनियन का प्रतिनिधिमंडल कई बार सरकार और निगम प्रबंधन के साथ बातचीत कर चुका है, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और निगम प्रशासन की नीयत ठीक नहीं है, जिसके चलते कर्मचारियों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। कर्मचारी नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अब यह संघर्ष आर-पार की लड़ाई में बदल चुका है और जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन थमने वाला नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि एग्री डिस्कॉम जैसी नीतियों को भी रद्द करवाने तक कर्मचारी पीछे नहीं हटेंगे। यूनियन ने आगामी रणनीति के तहत ऐलान किया कि यदि सरकार ने जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो 2 जुलाई को बिजली मंत्री अनिल विज के अम्बाला स्थित आवास का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर कृष्ण नैन, राजेश शर्मा, वीरेंद्र गोयत, महाबीर सिंह, कर्मबीर कापड़ों, राजा शामदों, राजबीर ढिल्लों, सुरेश खरब, धर्मबीर सिंह, सीताराम पांचाल, दरवेश राविश, सुरेंद्र सिंह, नरेश देसवाल, विकास खटकड़, संदीप दलाल, मनोज मलिक, विशाल रेढू, अजमेर सिंह, जोगींदर अलेवा, वजीर राठी, अनिल, जितेंद्र भारद्वाज, कप्तान अजय चहल सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।