सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल सफीदों के गांव रत्ताखेड़ा में से गुजर रही बुढ़ाखेड़ा माइनर के किनारे वीरवार सायं को एक बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका की उम्र करीब 80 वर्ष आंकी जा रही है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरवार शाम को एक ग्रामीण किसी कार्य से माइनर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सुनसान जगह पर पड़े एक महिला के शव पर पड़ी। उसने इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान के लिए नागरिक अस्पताल सफीदों में रखवाया।

मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। महिला ने हाथों में लाल चूड़ियां, पैरों में पाजेब और चप्पल पहन रखी थी, जबकि उसने छापे का सूट पहना हुआ था। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इस महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।












