21 लाख हड़पकर आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगा है। गांव सिवानामाल निवासी आनंद ने तीन व्यक्तियों पर उसके बेटे को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 21 लाख 26 हजार रुपये ऐंठने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित आनंद ने डीएसपी सफीदों को दी शिकायत में बताया कि गांव बागडुखुर्द निवासी प्रताप सिंह, अमित कुमार और सुमित कुमार ने उसके बेटे अजय को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। आरोपियों ने विश्वास दिलाया कि उनके पास ऐसे संपर्क हैं, जिनके माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में आसानी से नियुक्ति करवाई जा सकती है। इसी भरोसे में आकर आनंद ने अपनी जमा-पूंजी और उधार लेकर आरोपियों को मोटी रकम दे दी। शिकायत के अनुसार, 17 अगस्त 2024 को आरटीजीएस के माध्यम से अमित कुमार के बैंक खाते में एक बड़ी राशि ट्रांसफर की गई, साथ ही 6 लाख 50 हजार रुपये नकद भी दिए गए। इसके बाद 25 सितंबर 2025 को प्रताप सिंह के खाते में 9 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए भेजे गए। वहीं 14 नवंबर 2025 को 1 लाख 26 हजार रुपये नकद दिए गए। इस तरह अलग-अलग किस्तों में कुल 21,26,000 रुपये आरोपियों को सौंप दिए गए। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने बार-बार आश्वासन दिया कि जल्द ही उसके बेटे को सरकारी नौकरी मिल जाएगी। लेकिन समय बीतने के बावजूद जब कोई नियुक्ति नहीं हुई तो उसे शक हुआ। इसके बाद जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने पहले टालमटोल की और बाद में साफ तौर पर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, पीड़ित के अनुसार जब उसने दबाव बनाया तो आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना सदर सफीदों पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।












