सफीदों, (एस• के• मित्तल) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद जिला के दौरे एवं ऐतिहासिक जनसभा को लेकर सफीदों विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के लगभग डेढ़ दर्जन गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का न्योता दिया। इस मौके पर उनके साथ पूर्व विधायक कलीराम पटवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। विधायक रामकुमार गौतम ने अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान कालवा, पिल्लूखेड़ा, धडोली, भंडताना, गांगोली, माला श्री खेड़ा, भम्भेवा, हाडवा, खरकगागर, कलावती, बिटानी, होशियारपुरा, मलार, भाग खेड़ा, भुरायण तथा बहादुरगढ़ सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांवों की चैपालों में ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा में परिवार सहित भाग लेने का आग्रह किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जींद में प्रस्तावित कार्यक्रम जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेगा तथा क्षेत्र के लोगों के लिए अनेक सौगातें लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएगी। जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक ने गांवों के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, किसान भाइयों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित करने और अधिकाधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने भी विधायक रामकुमार गौतम को विश्वास दिलाया कि सफीदों विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता दिलाएंगे। विधायक ने कार्यकर्ताओं से परिवहन, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों को समय रहते पूरा करने के निर्देश भी दिए।












