त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला : विधायक रामकुमार गौतम

6
भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार गौतम
भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार गौतम

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पर निर्भर करती है और निष्पक्ष चुनाव की पहली शर्त त्रुटि रहित एवं अद्यतन मतदाता सूची का होना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा सूची में मौजूद त्रुटियों का समयबद्ध समाधान करना है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। विधायक शुक्रवार को सफीदों के रैस्ट हाऊस में एसआईआर अभियान को लेकर आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी विशेष रूप से मौजूद थे। विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को एसआईआर अभियान की जानकारी दें तथा उन्हें अपने नाम, पते, आयु एवं अन्य विवरणों का सत्यापन करवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने निर्धारित आयु पूरी कर ली है, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज करवाएं। वहीं जिन मतदाताओं के विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते उसका संशोधन करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी शुरुआत सही एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची से होती है।