कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर किया बचन सिंह आर्य का अभिनंदन
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के आर्य सदन में आर्य संगठन के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सूबे के पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बचन सिंह आर्य का फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बचन सिंह आर्य ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल बैठकों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना ही सच्ची सेवा है। इस अवसर पर नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर विशेष चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। बचन सिंह आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में नशा समाज के सामने एक गंभीर और चिंताजनक चुनौती बन चुका है, जिससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को तो नुकसान पहुंचाती ही है, साथ ही यह पूरे परिवार और समाज को भी गहरे संकट में डाल देती है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि नशे के कारण कई परिवार बर्बादी के कगार पर पहुंच चुके हैं और युवाओं का भविष्य अंधकार की ओर बढ़ रहा है। बचन सिंह आर्य ने युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा कि यदि उन्हें एक स्वस्थ, सफल और सम्मानजनक जीवन जीना है, तो उन्हें नशे से पूरी तरह दूरी बनानी होगी। उन्होंने आगे कहा कि नशे के खिलाफ केवल कानून बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को इस दिशा में जागरूक होना होगा। परिवार, स्कूल, सामाजिक संगठन और प्रशासन सभी को मिलकर इस बुराई के खिलाफ एक मजबूत अभियान चलाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाएं और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में समझाएं।












