रात्रि ठहराव प्रशासन और ग्रामीणों के बीच मजबूत संवाद का माध्यम : डीसी डॉ. वैशाली शर्मा

15
ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए डीसी डा. वैशाली शर्मा
ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए डीसी डा. वैशाली शर्मा

डीसी ने 100 समस्याओं को सुनकर उनका निवारण करवाया 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : जिला प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से सफीदों उपमंडल के गांव रोहढ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने की। गांव की सरपंच परमजीत कौरडीसी ने ग्रामीणों की करीब 100 समस्याओं को सुना और उनका मौके पर निवारण करवाया। कार्यक्रम का शुभारंभ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शपथ दिलाकर किया गया, जिसमें बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जन्म से पूर्व लिंग जांच पर रोक लगाने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर गांव की चार बेटियों का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को डीसी द्वारा नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। जनसुनवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए। गांव के कुलदीप ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की, जिस पर डीसी ने संबंधित अधिकारी को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं गुरबाग सिंह ने प्रॉपर्टी इंतकाल में हो रही देरी की समस्या रखी, जिस पर डीसी ने बताया कि अब यह प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है और 10 से 15 दिनों में स्वतः पूर्ण हो जाती है। गांव के वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने वाल्मीकि चौपाल के निर्माण की मांग रखी, जिस पर डीसी ने जल्द ही निर्माण करवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा कुलवंत कौर ने पेयजल की गुणवत्ता खराब होने और गांव को जगमग योजना से जोड़ने की मांग उठाई, जिस पर संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

डीसी के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए ग्रामीण
डीसी के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए ग्रामीण

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत द्वारा खेल स्टेडियम निर्माण, स्कूल में सोलर प्लेट लगाने और गांव की फिरनी पक्की करवाने की मांग भी रखी गई, जिन पर डीसी ने सकारात्मक आश्वासन दिया। डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा हर सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि प्रत्येक माह एक गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम किया जाता है। इन कार्यक्रमों में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं, जिससे बहु-विभागीय समस्याओं का भी समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य आमजन तक मूलभूत सुविधाएं और सेवाएं पहुंचाना है। इसके लिए प्रशासन पूरी ईमानदारी और तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायतों से अपील की कि वे भी सरकारी योजनाओं की जानकारी रखें और पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में सहयोग करें। डीसी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर और रात्रि ठहराव कार्यक्रम में आने वाली समस्याओं को हल्के में न लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होगा। उन्होंने यह भी बताया कि इन कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की जा रही है। इस अवसर पर एसपी कुलदीप सिंह, एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, गांव की सरपंच परमजीत कौर, सीटीएम मोनिका रानी, डीएसपी गौरव शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, तहसीलदार राजेश गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गांव के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।