सफीदों में भारतीय किसान यूनियन की हुई बैठक

16
बैठक में मौजूद किसान नेता
बैठक में मौजूद किसान नेता

5 गांवों में नई कमेटियों का हुआ गठन

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : भारतीय किसान यूनियन हरियाणा की एक महत्वपूर्ण बैठक सफीदों में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता किसान नेता नवीन कुमार, बारूराम, छाजू राम, नफे सिंह, बलबीर सिंह, जयपाल, संजय राणा, दिलबाग फौजी, गौरव मलिक और विक्रमजीत सिंह ने की। बैठक में किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान किसानों से जुड़े अहम मुद्दों जैसे फसल के उचित दाम, खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था और सरकारी नीतियों के प्रभाव पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान तभी संभव है, जब वे संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करें। संगठन के नेताओं ने किसानों को जागरूक रहने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। इस मौके पर संगठन विस्तार को मजबूती देने के उद्देश्य से उपमंडल सफीदों क्षेत्र के पांच गांवों में नई कमेटियों का गठन भी किया गया। जिसमें गांव करसिंधू में विकास मलिक, गांव टीटो में रजत खर्ब, गांव अंटा में संदीप सिंह, गांव सरनाखेड़ी में पंडित ओमबीर और गांव मलिकपुर में हरजीत सिंह को प्रधान बनाया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने का भरोसा दिलाया और किसानों की आवाज को हर मंच तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेंगे और उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाएंगे।