सफीदों में 21 जून को होगा भव्य अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजन
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इस संबंध में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रत्येक विभाग की भूमिका अहम है और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। बैठक में निर्णय लिया गया कि उपमंडल स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नई अनाज मंडी, सफीदों में सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और आमजन बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम से पहले 11 से 13 जून तक विभागीय रिहर्सल करवाई जाएगी, जबकि 20 जून को अंतिम रिहर्सल आयोजित होगी। एसडीएम ने आयोजन स्थल पर सभी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पेयजल और शौचालय की व्यवस्था जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाएगी, जबकि साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था एसएमओ कार्यालय करेगा तथा प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट का प्रबंध खाद्य एवं पूर्ति विभाग करेगा। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो। साथ ही शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। एसडीएम ने आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और योग समितियों से भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि आयुष विभाग द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम से जुड़ सकें। बैठक में तहसीलदार राजेश गर्ग, एसएमओ डॉ. सुनील, आयुष विभाग की एएमओ डॉ. ईशिका चुघ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












