सीआईए ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सीआईए स्टाफ सफीदों ने भारी मात्रा में अवैध पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की है। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए इंचार्ज राधेश्याम ने बताया कि अपराधों की रोकथाम के लिए सीआईए की एक टीम असंध-सफीदो रोड स्थित गांव रोहड़ बस अड्डा के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली की दो वाहनों में भारी मात्रा में पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री लोड है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। मौके पर पुलिस ने दो ट्रकों को मौके पर खड़ा पाया। टीम ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर तीन व्यक्तियों को काबू किया। आरोपियों की पहचान जसबीर उर्फ मितु व महीपाल निवासी कोरड़ा (कैथल) तथा नीरज निवासी धनौली (करनाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने फायर ब्रिगेड विभाग को मौके पर बुलाकर गाड़ियों में लोड गत्ते की पेटियों की जांच करवाई गई। जांच में सभी पेटियों में पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री पाई गई। पुलिस द्वारा दोनों वाहनों से कुल 595 गत्ता पेटियां बरामद की गईं, जिनका कुल वजन लगभग 3867 किलो 500 ग्राम पाया गया। आरोपियों से बरामद सामग्री संबंधी लाइसेंस एवं परमिट मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने माल एवं दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 9B के तहत थाना सदर सफीदो में मामला दर्ज किया गया है। सीआईए राधेश्याम ने बताया कि मामले की आगामी जांच जारी है। आरोपियों से गहनता से पूछताछ करके इस बात का पता लगाया जाएगा कि यह विस्फोटक का से लाया गया और इसे कहां पर ले जाया जा रहा था।












