सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों पुलिस ने पानीपत रोड स्थित सहानपुर मोड़ के पास एक होटल में छापेमारी कर कथित देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों को मौके से बरामद कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, डीएसपी गौरव शर्मा को गुप्त सूचना मिली थी कि मून लाइट नामक होटल में बाहर से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार का अवैध धंधा चलाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया, जिसमें सिटी थाना प्रभारी राजकुमार राणा और सीआईए स्टाफ को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल पर छापा मारा। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, होटल में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान पुलिस को तीन युवतियां मिलीं, जिन्हें तुरंत रेस्क्यू कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि ये तीनों युवतियां पंजाब की रहने वाली हैं। रेस्क्यू के बाद पुलिस सभी युवतियों को सिटी थाना ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में युवतियों ने बताया कि वे आर्थिक मजबूरी के चलते इस काम में शामिल हुईं। पुलिस अब उनके बयान दर्ज कर मामले की गहराई से जांच कर रही है। सिटी थाना प्रभारी राजकुमार राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान होटल से 3 लड़कियां बरामद हुईं है। होटल संचालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। इसके अलावा होटल की बिल्डिंग के मालिक को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। डीएसपी गौरव शर्मा ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ किया कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।












