दुकान में चोरी का खुलासा, नकदी व मोबाइल सहित आरोपी गिरफ्तार

5

चोरी की रकम में से पुलिस ने 57 हजार रुपये व अन्य सामान किया बरामद

जुलाना, (एस• के• मित्तल) : पुलिस चौकी मंडी जुलाना ने दुकान में हुई चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 57 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद किया है। थाना जुलाना के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि करसोला निवासी अनिल ने 17 मई 2026 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि जुलाना-जींद रोहतक रोड पर पावर हाउस के पास स्थित उसकी वेल्डिंग की दुकान से अज्ञात व्यक्ति गल्ला तोड़कर करीब 1 लाख 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विक्रम उर्फ बकरा निवासी गांव गतोली को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट रेवाड़ी से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 57 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।