विधायक रामकुमार गौतम ने दीप प्रज्जवलित कर किया शुभारंभ

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सफीदों की नई अनाज मंडी में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक रामकुमार गौतम ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने की। इस मौके पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, पूर्व विधायक जसबीर देशवाल, एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, तहसीलदार सुरेश गर्ग, नायब तहसीलदार संजय परासर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस आयोजन में क्षेत्र के लगभग 1250 से अधिक लोगों ने भाग लेकर योग और प्राणायाम किया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों सतीश कुमार, पूजा राणा और सरीता द्वारा उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और अलोम-विलोम का अभ्यास करवाया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लाइव प्रसारण भी उपस्थित लोगों को दिखाया गया। इस अवसर पर विधायक रामकुमार गौतम ने योग मित्रों, प्रशिक्षकों, फार्मासिस्ट और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। वहीं विधायक रामकुमार गौतम और एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने मंडी परिसर में पौधारोपण भी किया। अपने संबोधन में विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि योग एक ऐसी प्राचीन भारतीय विधा है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शरीर में उत्पन्न अनेक बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है और जीवन स्वस्थ व संतुलित बनता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ आत्मा का निवास होता है और इस दिशा में योग का सबसे बड़ा योगदान है। अपने संबोधन में एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि जिस प्रकार योग स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है, उसी प्रकार स्वच्छ पर्यावरण के लिए पौधारोपण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के समापन पर विधायक रामकुमार गौतम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।












