55 रक्तदानियों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम परिसर में रक्तदान शिविर एवं छबील का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकारी अभियंता अमित सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं समाजसेवी एवं शिक्षाविद नरेश सिंह बराड़ और एसडीओ प्रभात देओल्का ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में अतिथियों का बुके देकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर एसडीओ पिल्लूखेड़ा पवन कुमार ने स्वयं रक्तदान कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर में कुल लगभग 55 रक्तदानियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को आयोजकों द्वारा बैज पहनाकर सम्मानित किया गया, साथ ही उन्हें प्रशंसा पत्र और पुरस्कार भी प्रदान किए गए। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अमित सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि इससे सीधे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और लोगों में सेवा की भावना विकसित होती है। विशिष्ट अतिथि नरेश सिंह बराड़ ने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में आगे आएं और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं। एसडीओ प्रभात देओल्का ने भी रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह एक ऐसा कार्य है, जिसमें बिना किसी खर्च के किसी की जान बचाई जा सकती है। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अनिल सैनी, शमशेर सिंह, अशोक डिडवाड़ा, संदीप आर्यावर्त्त, बलविंद्र कौर, अनिल पुनिया, सीता राम पांचाल, पंकज भाटिया, संदीप सैनी, श्रीपाल कश्यप, सज्जन सिंह, कुलदीप भुक्कल सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।










