परिवार से मुलाकात कर दिया हरसंभव मदद का आश्वासन
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : पत्रकार विक्रम कश्यप के असमय निधन पर उनके पैतृक गांव बहादुरगढ़ में शोक प्रकट करने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने भी गांव बहादुरगढ़ पहुंचकर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक कलीराम पटवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। विधायक ने दिवंगत के पिता सूबे सिंह, पत्नी और अन्य परिजनों से मिलकर उनकी पीड़ा को साझा किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि विक्रम कश्यप एक हंसमुख, मेहनती और ईमानदार पत्रकार थे, जिन्होंने अपनी लेखनी से समाज के मुद्दों को उठाकर एक अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में उनका निधन होना बेहद दुखद है और इससे न केवल परिवार बल्कि पत्रकारिता जगत को भी बड़ी क्षति पहुंची है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान के निर्णय के आगे किसी का बस नहीं चलता, लेकिन इस कठिन समय में पूरा समाज और सरकार परिवार के साथ खड़ी है। इस दौरान विधायक ने दिवंगत की पत्नी और उनके छोटे बच्चों से भी मुलाकात की और उन्हें हिम्मत बंधाते हुए आश्वासन दिया कि वे अकेले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार और समाज दोनों मिलकर इस परिवार की हर संभव सहायता करेंगे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवार को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध करवाया जाए। विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को दिवंगत के अधूरे मकान को पूरा करवाने, घर में पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और परिवार को पेंशन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पत्रकारों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ भी इस परिवार तक जल्द पहुंचाया जाएगा। गौरतलब है कि विक्रम कश्यप पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। महज 32 वर्षीय विक्रम कश्यप अपने खेत में काम करने के लिए गए थे। इसी दौरान खेत में करंट लगने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती उनके छोटे बच्चों का भविष्य और उनके पालन-पोषण की है। दुख की इस घड़ी में परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।












