कश्यप समाज का शिष्टमंडल मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिला

7
कश्यप समाज का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
कश्यप समाज का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

सामाजिक-आर्थिक मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा

कश्यप समाज के गण्यमान्य लोगों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
कश्यप समाज के गण्यमान्य लोगों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : कश्यप निषाद संगठन के तत्वाधान में कश्यप समाज का एक प्रतिनिधिमंडल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके चंडीगढ़ स्थित निवास पर मिला। इस शिष्टमंडल का नेतृत्व उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री एवं कश्यप निषाद संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगुवाई में किया गया, जबकि हरियाणा से प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रणबीर कश्यप ने किया। इस दौरान शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष कश्यप समाज की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक आवश्यकताओं को विस्तारपूर्वक रखा। प्रतिनिधियों ने समाज के समग्र विकास के लिए विभिन्न मांगों और सुझावों पर चर्चा करते हुए सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई। प्रदेश अध्यक्ष रणबीर कश्यप ने बताया कि यदि सरकार कश्यप समाज की मांगों को उचित प्रतिनिधित्व और मान-सम्मान प्रदान करती है, तो हरियाणा में यह समाज और अधिक सशक्त एवं विकसित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर और मंच की आवश्यकता है। इस मौके पर रणबीर कश्यप ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सरकार प्रदेश के सभी समाजों के धार्मिक गुरुओं की जयंती को सरकारी स्तर पर मनाने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में महर्षि कश्यप जयंती को भी हर वर्ष राज्य स्तर पर सरकारी खर्च पर मनाया जा रहा है, जिससे कश्यप समाज में उत्साह और गर्व की भावना बढ़ी है। शिष्टमंडल ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को एक मांगपत्र भी सौंपा, जिसमें समाज से संबंधित प्रमुख मुद्दों और मांगों को शामिल किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया और समाज के प्रति सरकार की सकारात्मक सोच को दोहराया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रतिनिधिमंडल को विश्वास दिलाया कि कश्यप समाज के मान-सम्मान में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और सरकार समाज के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों और समुदायों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश कश्यप, जगदीश कश्यप सफीदों, सरदार तरसेम कश्यप अंबाला, एडवोकेट जयपाल कश्यप करनाल, डॉ. रफल सिंह कश्यप पानीपत, सीताराम कश्यप लाडवा, चतर सिंह कश्यप और बलजिंद्र कश्यप यमुनानगर, महावीर कश्यप और वेद कश्यप सफीदों, सुनील कश्यप करनाल सहित समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।