2 नामजद सहित 10-12 युवकों पर केस दर्ज
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में बदमाशों ने दिनदहाड़े ड्यूटी पर जा रहे एक बिजली कर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया। यह वारदात नहर पुल के पास गुरुद्वारा के समीप हुई, जहां दो गाड़ियों में सवार 10 से 12 युवकों ने युवक को घेरकर उस पर धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सिल्ला खेड़ी निवासी प्रदीप, जो कि बिजली विभाग में कार्यरत है, अपनी ड्यूटी पर पानीपत थर्मल प्लांट जा रहा था। जैसे ही वह सफीदों के घोड़ा पुलिया नहर पुल के पास पहुंचा, पीछे से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर के कारण प्रदीप संतुलन खो बैठा और बाइक सहित सड़क पर गिर गया। पीड़ित प्रदीप ने बताया कि जैसे ही वह जमीन पर गिरा, तुरंत दो कारों में सवार 10 से 12 युवक मौके पर पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोपियों के हाथों में धारदार हथियार थे और उन्होंने बिना किसी बात के उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान प्रदीप को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया। प्रदीप के अनुसार हमलावरों के पास अवैध हथियार भी थे, जिससे उन्होंने उसे डराने और जान से मारने की कोशिश की। जब उसने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए और जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल प्रदीप को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल के बयान दर्ज किए। जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि प्रदीप के बयान के आधार पर गांव सिंघाना निवासी अनमोल व अमर को नामजद किया गया है, जबकि अन्य 10 से 12 अज्ञात युवकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












