बिजली पेंशनर्स की बैठक में मांगों पर मंथन, 8वें वेतन आयोग लागू करने की उठी आवाज

11
बैठक में मौजूद पैंशनर्ज
बैठक में मौजूद पैंशनर्ज

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की सफीदों यूनिट की मासिक बैठक बुधवार को पावर हाउस कॉलोनी स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पेंशनरों ने भाग लेकर अपने विचार साझा किए और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता हरिचंद जेई ने की, जबकि मंच संचालन रामनिवास नारा द्वारा किया गया। बैठक में संगठन की ओर से सदस्यों को पहचान पत्र तथा पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) की प्रतियां भी वितरित की गईं। इसके अलावा पेंशनरों के लंबित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी गई। बैठक का प्रमुख मुद्दा 30 जून को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को नेशनल इंक्रीमेंट का लाभ दिलाना रहा। इस संदर्भ में 11 जून को आयोजित होने वाली लोक अदालतों की प्रक्रिया और उसमें भाग लेने के तरीके के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सदस्यों को सलाह दी गई कि वे अपने जरूरी दस्तावेज समय पर तैयार रखें ताकि उन्हें इस लाभ का पूरा फायदा मिल सके। इसके अलावा आयकर (आईटी) से संबंधित कार्यों पर भी चर्चा की गई। सदस्यों को समय पर आयकर रिटर्न भरने और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए जागरूक किया गया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को संवेदनशील होना चाहिए। कर्मचारियों ने मांग रखी कि आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू किया जाए तथा महंगाई के इस दौर में पेंशनरों को राहत प्रदान की जाए। इस मौके पर राजेंद्र वशिष्ठ, जय सिंह बिटानी, ओमप्रकाश नारा, सी.आर. रोहिल्ला, सुधीर शर्मा, जयपाल, जिले सिंह व रामकरण भोजगी मौजूद थे।