सफीदों, (एस• के• मित्तल) : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की सफीदों शाखा में योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित के पावन आशीर्वाद से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों, सेवादल स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर सभी ने स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग अभ्यास के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन पर भी विशेष जोर दिया गया। स्थानीय जोनल मुखी ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन को सकारात्मक दिशा देने का एक महत्वपूर्ण साधन भी है। सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज अपने विचारों में अक्सर स्वस्थ मन, सहज जीवन का संदेश देती हैं। उनका मानना है कि मानव शरीर परमात्मा की अनमोल देन है और इसे स्वस्थ रखना प्रत्येक व्यक्ति का मूल कर्तव्य है। उन्होंने दीर्घायु और सफल जीवन के लिए योग को अनिवार्य बताया है। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने कहा कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना, मानसिक संतुलन को बढ़ावा देना और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करना रहा।












