विधायक रामकुमार गौतम ने गांवों में पहुंचकर दिया पीएम के कार्यक्रम का न्योता

17
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार गौतम
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार गौतम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का करेंगे शुभारंभ

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद आगमन को लेकर सफीदों विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार गौतम ने विभिन्न गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करें और जींद की धरती पर होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को यादगार बनाएं। विधायक ने अपना दौरा टिटोखेड़ी गांव से शुरू किया, इसके बाद वे करसिंधु, बडौद, बसीनी समेत डेढ दर्जन गांवों में पंहुचकर लोगों को प्रधानमंत्री की जनसभा में आने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व विधायक कलीराम पटवारी विशेष रूप से मौजूद थे। अपने संबोधन में विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री हरियाणा के विभिन्न जिलों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ हरियाणा और देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदेश में अनेकों विकास कार्य करवाए जा रहे है। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, इसका सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की की नई आयाम छु रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग जींद पहुंचेंगे और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि 17 जुलाई को जींद में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और हरियाणा के विकास की इस नई यात्रा के साक्षी बनें।