भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार की नई पहल : उपायुक्त डा० मनोज कुमार

अब सभी कार्यालय चस्पा किए जाएंगे भ्रष्टाचार शिकायत टोल फ्री नंबर

एस• के• मित्तल 
जींद,        उपायुक्त डाॅ• मनोज कुमार ने कहा है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरकार ने एक और नई पहल कर दी है। पहले लोगों को पता नहीं होता था कि भ्रष्टाचार की शिकायत कहां की जाए। लेकिन अब सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार शिकायत टोल फ्री नंबर चस्पा करने का निर्णय लिया है।
उपायुक्त डाॅ• मनोज कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में भ्रष्टाचार को समाप्त करने के उद्देश्य के तहत सभी सरकारी कार्यालय परिसरों में टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 और चार अंकों के 1064 नंबर प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। यह दोनों नंबर वर्तमान में भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के लिए राज्य सतर्कता ब्यूरो के पंचकूला स्थित मुख्यालय में संचालित हैं। उपायुक्त ने कहा कि ये हेल्पलाइन नंबर लंबे समय से संचालित हैं, लेकिन इन नंबरों को प्रदेश के सरकारी कार्यालयों में ठीक से प्रदर्शित नहीं किया गया है। नतीजतन, लोगों को जानकारी के अभाव में सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के बारे में राज्य सतर्कता ब्यूरो के पास शिकायत दर्ज कराने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी पत्र में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलों, निगमों के प्रमुख, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रारों को इन नंबरों को अपने कार्यालयों में प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है ताकि आम जनता बिना किसी कठिनाई के भ्रष्टाचार संबंधी अपनी शिकायत सतर्कता ब्यूरो, हरियाणा में दर्ज करा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *