पत्नी के हत्यारे पति ने फांसी का फंदा लगा दी जान

उम्र कैद की हुई थी सजा, एक साल से चल रहा था जमानत पर

खेत में टयूब्वेल के साथ खड़े पेड़ पर लगाया फांसी का फंदा

एस• के• मित्तल     
सफीदों, पत्नी की हत्या के जुर्म में उम्र कैद सजायाफ्ता जमानत पर आए व्यक्ति का शव शनिवार को खेत में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले सामान्य अस्पताल पहुंचाया। परिजनों के अनुसार मृतक मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव बनियाखेड़ा निवासी कृष्ण (55) का शव शनिवार दोपहर को खेत में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका देखा गया। फंदा रस्सी से बनाया गया था।
घटना का परिजनों को उस समय पता चला जब पड़ोसी किसानों ने टयूब्वेल के साथ खड़े पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके देखा। घटना की सूचना पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा ले शव को फांसी के फंदे से उतार सामान्य अस्पताल के शव गृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया। मृतक कृष्ण पत्नी की हत्या के मामले में उम्र कैद सजायाफ्ता था। 28 जून 2015 को कृष्ण ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी और उसे उम्र कैद की सजा अदालत द्वारा सुनाई गई थी। 2020 में कोविड के चलते उसे जमानत मिल गई थी।
जिसके बाद वह फिर से जेल चला गया और पिछले लगभग एक साल से जमानत पर चल रहा था। ज्यादातर समय खेत में ही बिताता था। शनिवार को सुबह घर से खेत के लिए निकला था। मृतक के बेटे अशोक ने बताया कि उसका पिता काफी समय से परेशान चल रहा था। उसी परेशानी के चलते उसके पिता ने फांसी का फंदा लगाया है। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि मृतक पत्नी की हत्या के मामले में उम्र कैद सजायाफ्ता था और एक वर्ष से जमानत पर था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *