रनर अप गोरा किरमच तो सुमित जींद व गांव डीग की टीम रही तृतीय
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित भव्य स्मैशिंग वॉलीबॉल टूर्नामेंट का सोमवार को शानदार समापन हो गया। कई दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में प्रदेशभर की टीमों ने हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। समापन समारोह में शिक्षाविद् नरेश सिंह बराड़ और समाजसेवी आचार्य विकास मलिक मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना की सराहना की। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अंततः सचिन करनाल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। गोरा किरमच की टीम रनर-अप रही, जबकि सुमित जींद और गांव डीग की टीम ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में पंचायत सचिव प्रेम जागलान, नगर पार्षद योगी दीपक चौहान, डॉ. विनोद भांकर, राजेश सैनी, राजीव भाटिया, अमित, अंकित राणा, सुशील शर्मा, नरेंद्र अत्री, विजय, धर्मवीर सैनी, वीरेन, विपिन शर्मा और आशु सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कोच प्रमोद शर्मा, कोच रॉबिन और डीपी अजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि नरेश सिंह बराड़ और आचार्य विकास मलिक ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और वे खेलों के प्रति प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में कुछ चुनिंदा खेलों को ही अधिक महत्व दिया जा रहा है, जबकि वॉलीबॉल जैसे टीम खेलों को भी बढ़ावा देने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की जरूरत है, ताकि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य को उज्जवल बना सकें। समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में आए अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।












