जेसीआई पदाधिकारियों ने किया जोरदार अभिनंदन
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : जेसीआई इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेसी भारत आचार्य ऐतिहासिक नगरी सफीदों दौरे पर पहुंचे। उनके साथ जेपी जेसी अमित बोहर और टूर कोऑर्डिनेटर जेसी अंकुश गोयल भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर शहर के होटल फ्यूजन में मल्टी लोकल ऑर्गेनाइजेशन मीटिंग एवं भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जेसीआई सफीदों, जेसीआई सफीदों द ग्रेट, जेसीआई जींद, जेसीआई जींद सेंट्रल, जेसीआई इंडस तथा जेसीआई गोहाना स्टार के पदाधिकारियों व सदस्यों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जेसी भारत आचार्य ने जेसीआई भवन में नेकी की दीवार परियोजना का उद्घाटन किया। इसके उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साइकिल मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। वहीं जेसीआई सफीदों द ग्रेट की ओर से 100 स्टील की बोतलों का वितरण भी किया गया। इसके साथ-साथ आरएस इंटरनेशनल में बैरिकेड्स उद्घाटन किया गया। अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेसी भारत आचार्य ने कहा कि जेसीआई एक ऐसा मंच है, जो युवाओं को नेतृत्व, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो आगे बढ़कर न केवल अपने विकास के लिए, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए भी कार्य करें। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक सम्मानपूर्वक सहायता पहुंचाना ही सच्ची सेवा है और यही जेसीआई की पहचान है। उन्होंने सभी सदस्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर जेसीआई सदस्य अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का वाहक बने और समाज में सेवा की भावना को आगे बढ़ाए। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।












