सफीदों, (एस• के• मित्तल) : निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सफीदों विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। एसआईआर अभियान में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। एसडीएम ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील होते हैं। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि वह निष्पक्षता, पारदर्शिता और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने सम्मानित कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है तथा भविष्य में भी पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आगामी निर्वाचन कार्यों में भी इसी समर्पण और दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने एसआईआर अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अतिरिक्त सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी विकास लाठर समेत शत प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बीएलओज को निर्देश दिए कि जिन भी बूथ लेवल अधिकारियों ने एसआईआर से सम्बंधित कार्य पूरा नहीं किया है वह समयबद्ध तरीके से कार्य का निपटान करें।












