योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना है विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य: बचन सिंह आर्य कहा: युवा विकसित भारत संकल्प यात्रा के राजदूत बन गए हैं

एस• के• मित्तल   
सफीदों,    नगर के आर्य सदन में एक कार्यकर्त्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बतौर मुख्यातिथि सफीदों विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने शिरकत की। इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्त्ताओं ने बचन सिंह आर्य का फूलों की मालाओं व अंगवस्त्र पहनाकर जोरदार अभिनंदन किया। अपने संबोधन में पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ उन लोगों तक पहुंचाना है, जो पीछे रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि युवा विकसित भारत संकल्प यात्रा के राजदूत बन गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की नरेंद्र मोदी व प्रदेश की मनोहर लाल सरकार ने खराब शासन को सुशासन में बदल दिया है। इस सरकार में नागरिकों की जरूरतों को पूरा किया है और उनको अधिकार प्रदान किए हैं। विकसित भारत के संकल्प के तहत विकास के पथ पर साथ लेकर चलने का संकल्प है। सरकार गरीबों का जीवन स्तर सुधारने, गरीबी दूर करने, युवाओं के लिए रोजगार-स्वरोजगार के अवसर पैदा करने, महिलाओं को सशक्त बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सतत काम कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वावलंबी हुईं हैं और उन्हे आय के अतिरिक्त साधन उपलब्ध हुए हैं। सरकार ने गरीबों-मध्यम वर्ग के लिए सस्ती दरों पर दवाएं खरीदने का जन औषधि केंद्रों की स्थापना की है।
इसके अतिरिक्त पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना को 5 साल के लिए बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने कामकाज संभाला, तब से देश को आगे बढ़ाने का जज्बा, पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता, गरीबों के प्रति संवेदनशीलता के लिए उनकी जितनी प्रशंसा की जाएं, कम है। प्रधानमंत्री की कल्पना है कि 2047 तक देश विकसित भारत के रूप में तब्दील हो। यह एक बड़ा व व्यापक अभियान है। इस अभियान से देश का हरेक नागरिक, सभी वर्ग के लोग जुड़कर आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे तो आने वाले कल में हमारा देश वैश्विक मानचित्र में श्रेष्ठ भारत के रूप में स्थापित हो सकेगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा करीब 3 हजार वाहन रथों के साथ प्रतिदिन लगभग छह हजार गांवों में पहुंचेंगी और आगामी 26 जनवरी तक संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *