अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद का हुआ विस्तार, आचार्य पुरूषोत्तम कौशिक बने उपाध्यक्ष

16
नवनियुक्त उपप्रधान आचार्य पुरूषोत्तम कौशिक का अभिनंदन करते हुए समाज के लोग
नवनियुक्त उपप्रधान आचार्य पुरूषोत्तम कौशिक का अभिनंदन करते हुए समाज के लोग

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के नागक्षेत्र हॉल में अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद सफीदों इकाई की एक बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष संजीव गौतम ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संगठन आने वाले समय में समाजहित से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक सक्रियता के साथ आयोजित करेगा। इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से वरिष्ठ समाजसेवी आचार्य पुरूषोत्तम कौशिक को संस्था का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित सदस्यों ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। नवनियुक्त उपाध्यक्ष आचार्य पुरूषोत्तम कौशिक ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य है और वे संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। अपने संबोधन में अध्यक्ष संजीव गौतम ने कहा कि आचार्य पुरूषोत्तम कौशिक के आने से संगठन को ओर अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में संगठित समाज ही अपनी पहचान और अधिकारों को सुरक्षित रख सकता है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता के माध्यम से आगे बढ़ने की आवश्यकता है। इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान सतपाल सत्ती, उपप्रधान रामप्रताप पॉलिस्त, महामंत्री एडवोकेट प्रदीप कौशिक, कोषाध्यक्ष विनोद मिश्रा, रिटायर्ड स्टेशन मास्टर सत्य देव चौबे, नागक्षेत्र मंदिर के पुजारी यतिंद्र कौशिक, ऑडिटर कृष्ण वत्स, युवाध्यक्ष सचिन रत्ताखेड़ा, राममेहर पराशर, कुलदीप, गणेश, अंकित, भविष्य मौजूद रहे।