पीएम मोदी हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करके रचेंगे इतिहास : रामकुमार गौतम

15
सफीदों में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक रामकुमार गौतम
सफीदों में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक रामकुमार गौतम

बोले : कार्यक्रम में सफीदों से जाएंगे 10 हजार लोग 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा के विकास की दिशा में 17 जुलाई का दिन ऐतिहासिक साबित होगा। यह बात सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने कही। वे नगर के रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि यह दिन प्रदेश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल एक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित हरियाणा के नए विजन, आधुनिक तकनीक और मजबूत आधारभूत ढांचे की दिशा में एक निर्णायक कदम है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सफीदों क्षेत्र से करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। गौतम ने कहा कि 17 जुलाई को प्रदेश में विकास के एक नए युग का श्रीगणेश होगा। इस दिन प्रधानमंत्री जींद के एकलव्य स्टेडियम के सामने विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, साथ ही वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। उन्होंने कहा कि जींद में आयोजित यह कार्यक्रम प्रदेश के लिए विकास, विश्वास और भविष्य का संगम साबित होगा। प्रधानमंत्री के दौरे से हरियाणा में मजबूत आधारभूत ढांचे को बढ़ावा मिलेगा और औद्योगिक व व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे निवेश के अवसर बढ़ेंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। सरकार का लक्ष्य विकास को समाज के हर वर्ग और प्रदेश के हर जिले तक पहुंचाना है। विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जींद में होने वाली रैली पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगी। यह आयोजन प्रधानमंत्री के मिशन लाइफ के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे जींद को पहले केवल राजनीतिक प्रयोगशाला के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब भाजपा सरकार ने इसे विकास, निवेश और आधुनिक तकनीक का केंद्र बनाने की दिशा में ठोस कार्य किए हैं। देश की पहली हाइड्रोजन आधारित रेल परियोजना की शुरुआत जींद से होना हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज हरित ऊर्जा, स्वच्छ परिवहन और अत्याधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश अब केवल नई तकनीकों का उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि उनके विकास और नवाचार में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। जींद से शुरू होने वाली यह पहल उसी दूरदर्शी सोच का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि जींद में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करेगा और हरियाणा की भूमिका को और सशक्त बनाएगा। उन्होंने लोगों से 17 जुलाई को जींद पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक है।