कहा : प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में जोड़ना प्राथमिकता
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम सफीदों पुलकित मल्होत्रा ने लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) से संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र सफीदों में चल रहे एसआईआर कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ पूरे किए जा सकें। बैठक के दौरान एसडीएम ने संबंधित बीडीपीओ को निर्देश दिए कि वे सभी ग्राम सचिवों के माध्यम से फार्म एकत्रित करने तथा उनके डिजिटाइजेशन कार्य में सहयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करके कार्यों को गति दी जा सकती है। साथ ही सीडीपीओ पिल्लूखेड़ा और सफीदों को भी निर्देश दिए गए कि सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता फील्ड में बीएलओ का सहयोग करें ताकि मतदाता सूची से संबंधित कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य को मिशन मोड में पूरा किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट प्रकाशन 14 जुलाई को किया जाएगा। इससे पहले सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों को समय पर पूर्ण करें ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि एसआईआर का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध प्रक्रिया है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला होती है और यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी सहयोग से कार्यों को अधिक प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सकता है। प्रशासन का प्रयास है कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जाए, जिससे भविष्य में चुनावी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बन सके। एसडीएम ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन का सहयोग करें तथा यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया पूरी करें। इस अवसर पर तहसीलदार राजेश गर्ग व निर्वाचन कानूनगो नरेश कुमार विशेष रूप से मौजूद थे।












