भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर, बधाई देने वालों का लगा तांता
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : भारतीय जनता पार्टी हरियाणा ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए सफीदों के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य एडवोकेट विजयपाल सिंह को भाजपा जिला रोहतक का प्रभारी नियुक्त किया है। उनको यह जिम्मेदारी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता द्वारा सौंपी गई है। इस नियुक्ति के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। गौरतलब है कि एडवोकेट विजयपाल सिंह लंबे समय से भाजपा के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। इससे पहले वे सिरसा, महेंद्रगढ़, पानीपत, भिवानी और कैथल जिलों में भाजपा जिला प्रभारी के रूप में सफलतापूर्वक कार्य कर चुके हैं। इन जिलों में उन्होंने संगठन के विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता अभियान, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी नियुक्ति को रोहतक जिले में संगठन को नई दिशा और गति देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। अपनी नियुक्ति पर एडवोकेट विजयपाल सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित एक वैचारिक संगठन है। विजयपाल सिंह ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उनकी प्राथमिकता रोहतक जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत और विस्तारशील बनाना होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बूथ स्तर को मजबूत करना, मंडल और शक्ति केंद्रों को सक्रिय करना तथा हर कार्यकर्ता की भागीदारी सुनिश्चित करना उनके कार्य का मुख्य आधार रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि वे जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे। साथ ही केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाए जाएंगे।












