महापुरुषों के जीवन व सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगा : रणबीर कश्यप

7
प्रदेशाध्यक्ष रणबीर कश्यप को सम्मानित करते हुए आयोजक संस्था के पदाधिकारीगण
प्रदेशाध्यक्ष रणबीर कश्यप को सम्मानित करते हुए आयोजक संस्था के पदाधिकारीगण

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : कश्यप निषाद संगठन व्यापार प्रकोष्ठ हरियाणा के अध्यक्ष सरपंच रणबीर कश्यप को उचाना में आयोजित महर्षि कश्यप जयंती में सम्मानित किया गया। बता दें कि कश्यप एकता मंच उचाना द्वारा आयोजित जयंती में प्रदेशाध्यक्ष सरपंच रणबीर कश्यप को बतौर अतिथि बुलाया गया था। कश्यप समाज ने उन्हे उनकी समाज के प्रति समर्पन भावना व कार्यों को देखते हुए सम्मानित किया। इस सम्मान के लिए रणबीर कश्यप ने आयोजक संस्था के पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया। अपने संबोधन में रणबीर कश्यप ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे कश्यप समाज का सम्मान है, जो उन्हें और अधिक समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है। रणबीर कश्यप ने समाज को जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक समाज को अपने महापुरुषों के जीवन, सिद्धांतों और विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। महर्षि कश्यप जैसे महान ऋषियों के बताए मार्ग पर चलकर समाज न केवल अपनी पहचान मजबूत कर सकता है, बल्कि अपने परिवार और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी उज्ज्वल बना सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत से ही समाज अपने अधिकारों को प्राप्त कर सकता है। यदि सभी लोग एकजुट होकर कार्य करें, तो समाज की हर समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने विशेष रूप से समाज को अंधविश्वास, नशाखोरी, जुआखोरी और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। जब समाज के युवा शिक्षित और जागरूक होंगे, तभी समाज राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्तर पर मजबूती से आगे बढ़ पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कश्यप समाज को अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ानी होगी, ताकि समाज के प्रतिनिधि सरकार में पहुंचकर समाज की समस्याओं को मजबूती से उठा सकें और उनका समाधान करा सकें। इसके लिए संगठन की एकता और सक्रियता बेहद जरूरी है।