ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मेडिकल स्टोर रहे आधा दिन बंद

6
सफीदों में मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए कैमिस्ट
सफीदों में मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए कैमिस्ट

AIOCD के आह्वान पर कैमिस्टों ने किया प्रदर्शन

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : आल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) के आह्वान पर मंगलवार को ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में सफीदों के मेडिकल स्टोर संचालकों ने आधा दिन तक सांकेतिक हड़ताल की। हड़ताल की अध्यक्षता कैमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र गोयल ने की। हड़ताल के दौरान कैमिस्ट नागरिक अस्पताल सफीदों के सामने एकत्रित हुए और ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में प्रदर्शन किया। सफीदों कैमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र गोयल ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री तेजी से बढ़ रही है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि ऑनलाइन दवा बेचने वाली कंपनियों के पास आवश्यक लाइसेंस हैं या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बिक्री के कारण स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। एसोसिएशन के सचिव कप्तान मलिक ने कहा कि मेडिकल स्टोर खोलने के लिए सरकार की निर्धारित औपचारिकताओं को पूरा करना पड़ता है और लाइसेंस जारी होने के बाद सभी नियमों व गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होता है। दवाइयों को सही तापमान में सुरक्षित रखना पड़ता है तथा बिक्री बिल पर फार्मासिस्ट के हस्ताक्षर भी आवश्यक होते हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा विक्रेताओं के मामले में यह स्पष्ट नहीं होता कि दवाइयों का रखरखाव किस प्रकार किया जा रहा है और बिल पर फार्मासिस्ट के हस्ताक्षर हैं या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिक मुनाफे के चक्कर में कई बार कम गुणवत्ता वाली दवाइयां भी सप्लाई की जाती हैं तथा कुछ प्रतिबंधित दवाइयां भी ऑनलाइन बेची जा रही हैं। यूनियन के कैशियर पंकज मंगला ने कहा कि यह हड़ताल फिलहाल सांकेतिक रूप से दोपहर एक बजे तक रखी गई है। यदि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेती तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर कैमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र गोयल, सचिव कप्तान मलिक, कैशियर पंकज मंगला, सलाहकार सुरेंद्र सिंह, अशोक मित्तल, सुरेंद्र कुमार मित्तल, अंकुर गोयल, मुकेश कुमार, पूर्ण चंद माटा, राजू भाटिया, संजय गर्ग सहित काफी संख्या में कैमिस्ट उपस्थित रहे।