हाट में कन्या भ्रूण हत्या को लेकर निकाली जागरूकता रैली 

6
गांव हाट आशा वर्करों को संकल्प दिलवाते हुए डॉक्टर प्रीति
गांव हाट आशा वर्करों को संकल्प दिलवाते हुए डॉक्टर प्रीति

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर प्रीति की अध्यक्षता में आशा वर्कर्स द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूक रैली निकाली गई। जागरूक रैली के दौरान कन्या भ्रूण हत्या को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया गया।अपने संबोधन में डॉक्टर प्रीति ने लिंगानुपात के संवेदनशील मुद्दे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कन्या भ्रूण हत्या समाज पर एक ऐसा कलंक है ,जिसे हमें मिलकर धोना होगा। आज के आधुनिक दौर में भी बेटियों को जन्म लेने से पहले ही मार देना एक घिनौना अपराध और महापाप है। उन्होंने आशा वर्कर्स को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध लिंग जांच करने वाले गिरोहों और रूढ़िवादी सोच रखने वाले लोगों पर पैनी नजर रखें। उन्होंने साफ किया कि इन रैलियों के जरिए ग्रामीणों को यह संदेश दिया जा रहा है कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि हमारा गौरव हैं। यदि समाज में बेटियां ही नहीं बचेंगी, तो आने वाली पीढ़ियों और सृष्टि का संतुलन पूरी तरह बिगड़ जाएगा। बेटियों को बेटों के समान जीवित रहने, शिक्षा पाने और आगे बढ़ने का पूरा अधिकार है।