खुद को जेल से बाहर आया बताकर दी धमकी, वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद
नरवाना : व्यापारी को डरा-धमकाकर हर माह 1 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को नरवाना पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अमरजीत उर्फ बच्ची, प्रवेश, मयंक, राहुल तथा सचिन निवासी गांव काब्रच्छा जिला जींद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। थाना शहर नरवाना के प्रभारी निरीक्षक पूर्णदास ने बताया कि मॉडल टाउन निवासी व्यापारी नरेश जैन ने शिकायत दी थी कि 9 मई 2026 को कुछ युवक उनकी दुकान पर आए। पहले दो युवकों ने अपना नाम मयंक और सचिन बताते हुए कहा कि उनका “बॉस” उनसे अकेले में बात करना चाहता है। इसके बाद अन्य युवक दुकान में पहुंचे, जिनमें अमरजीत उर्फ बच्ची ने खुद को हाल ही में जेल से बाहर आया बताया और व्यापारी को धमकाते हुए कहा कि सुरक्षा के नाम पर हर महीने 1 लाख रुपये देने होंगे, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। आरोपी जाते समय दोबारा फोन कर पैसे मांगने की धमकी देकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना शहर नरवाना में बीएनएस की धारा 190, 191(2), 308(4) व 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीआईए स्टाफ नरवाना के प्रभारी उप निरीक्षक सुखदेव सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल, सचिन, मयंक और प्रवेश को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अमरजीत उर्फ बच्ची का पुलिस रिमांड हासिल कर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।












