सफीदों, (एस• के• मित्तल) : आर्य समाज सफीदों द्वारा आगामी 28 मई रविववार को मासिक वैदिक सत्संग का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह साढ़े 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक स्थानीय आर्य समाज मंदिर में संपन्न होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और आर्य समाज से जुड़े कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए आर्य समाज के प्रधान यादविंद्र बराड़ ने बताया कि इस सत्संग समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से विद्वान और श्रद्धालु भाग लेंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता स्वामी धर्मदेव महाराज अपने आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से वेदों की शिक्षाओं और जीवन में उनके महत्व पर प्रकाश डालेंगे। वहीं भजनोपदेशक अलका आर्य अपने भजनों के जरिए उपस्थित जनसमूह को आर्य समाज के सिद्धांतों और वैदिक संस्कृति से अवगत कराएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विशाल हवन के साथ किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु आहुति देकर वातावरण की शुद्धि और विश्व कल्याण की कामना करेंगे। हवन के बाद सत्संग व, प्रवचन का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के उपरांत विशाल ऋषि लंगर का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लें और वैदिक संस्कृति के इस आयोजन का हिस्सा बनकर पुण्य के भागी बनें।












