हांसी-बुटाना नहर में बहकर आया व्यक्ति का शव

15
नहर पूल पर उमड़ी लोगों की भीड़
नहर पूल पर उमड़ी लोगों की भीड़
नहर में तैरता हुआ शव
नहर में तैरता हुआ शव

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के बीचोंबीच बह रही हांसी-बुटाना ब्रांच नहर मंगलवार को उस समय सनसनी का कारण बन गई, जब एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी के साथ बहता हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते नहर के किनारे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय कुछ लोगों ने पानीपत की ओर से नहर में एक अर्धनग्न अवस्था में शव को बहते हुए देखा। पहले तो लोगों को यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब शव पास आया तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला और उसके शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।