सफीदों नगरपालिका विस्तार की तैयारी तेज

5
सफीदों नगरपालिका का फोटो
सफीदों नगरपालिका का फोटो

पालिका से नगर परिषद बनने की हुई संभावनाएं

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से सफीदों शहर के विकास को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। लंबे समय से सीमित दायरे में सिमटी सफीदों नगरपालिका की सीमाओं के विस्तार की योजना पर काम किया जा रहा है। यदि यह योजना साकार होती है, तो न केवल शहर का भौगोलिक विस्तार होगा, बल्कि इसे नगर परिषद का दर्जा मिलने की राह भी आसान हो जाएगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित योजना के तहत नगरपालिका की सीमाओं का विस्तार चार प्रमुख मार्गों सफीदों-जींद रोड, सफीदों-गोहाना रोड, सफीदों-पानीपत रोड और सफीदों-असंध रोड के साथ किया जाएगा। इस विस्तार में आसपास के कई गांवों और उनके क्षेत्र शामिल किए जाने की संभावना है, जिससे शहर का दायरा काफी बढ़ जाएगा। गौरतलब है कि सफीदों नगरपालिका की सीमाएं लंबे समय से केवल मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों तक सीमित हैं। सीमित दायरे के कारण यहां की जनसंख्या कम दर्ज होती है, जिसके चलते वार्डों की संख्या भी सीमित है। यही वजह है कि अब तक सफीदों को नगर परिषद का दर्जा नहीं मिल पाया। विशेषज्ञों का मानना है कि सीमाओं के विस्तार से शहर की जनसंख्या में वृद्धि होगी, जिससे वार्डों की संख्या बढ़ेगी और नगर परिषद का दर्जा मिलने की संभावना मजबूत होगी। नगर परिषद बनने से शहर को अधिक बजट, बेहतर योजनाएं और व्यापक विकास कार्यों का लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा, नगरपालिका के दायरे में आने से इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं जैसे सड़क, सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। इससे न केवल जीवन स्तर बेहतर होगा, बल्कि निवेशकों की रुचि भी बढ़ेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह कदम सफीदों के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह पहल प्रशासनिक ढांचे के साथ-साथ आर्थिक और शहरी विकास को भी गति दे सकती है।

क्या कहते हैं पालिका सचिव

पालिका सचिव आशीष कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से सीमाओं के विस्तार के निर्देश प्राप्त हुए हैं। हालांकि, इस प्रक्रिया को शुरू करने से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य पूरा होना जरूरी है। एसआईआर पूरा होते ही विस्तार की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।