पुरानी अनाज मंडी डाकघर से आधार सेवाएं हुई बंद
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के लोगों के लिए आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं को लेकर एक अहम बदलाव किया गया है। अब तक पुरानी अनाज मंडी स्थित डाकघर में मिल रही आधार सेवाएं शहर के डाकघर की उपशाखा में स्थानांतरित कर दी गई हैं। डाक विभाग के पोस्ट मास्टर अजमेर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय विभाग के उच्च अधिकारियों के निर्देशों के तहत लिया गया है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड से संबंधित सभी सेवाएं अब अधिक व्यवस्थित और सुलभ तरीके से शहर स्थित डाकघर में उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि नागरिक अब अपने बच्चों के नए आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ पुराने आधार कार्ड में किसी भी प्रकार का संशोधन भी इसी केंद्र पर करवा सकेंगे। नाम, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारियों में बदलाव के अलावा बायोमेट्रिक अपडेट जैसे फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन और फोटो अपडेट की सुविधा भी यहां उपलब्ध रहेगी। अजमेर सिंह ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इधर-उधर भटकना न पड़े और समय की भी बचत हो सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अब आधार कार्ड से संबंधित सभी कार्यों के लिए शहर स्थित डाकघर का ही रुख करें।












