सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सीआई स्टॉफ सफीदों ने सफीदों में युवक पर जानलेवा हमला करने, मारपीट व गाली-गलोच करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकडे गए आरोपियों की पहचान संजू गिरी निवासी सफीदों तथा आजाद उर्फ बाक्सर निवासी गांव निम्नाबाद के रुप में हुई है। सीआई स्टॉफ सफीदों के इचांर्ज राधेश्याम ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता नवीन निवासी रविदास मोहल्ला सफीदों ने थाना शहर सफीदो में शिकायत देकर कहा था कि वह अपने साथियों के साथ हुड्डा ग्राउंड, नई अनाज मंडी सफीदो के पीछे बैठा हुआ था। इसी दौरान कई युवक हथियारों सहित वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर उन पर हमला कर दिया। उन्होंने लोहे की रॉड, डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई तथा जातिसूचक अपमानजनक व्यवहार भी किया। जिसकी शिकायत के आधार पर थाना शहर सफीदो में विभिन्न धाराओं सहित मामला दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 6 नामजद आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इनकी पूछताछ में दो आरोपी संजू गिरी निवासी सफीदो तथा आजाद उर्फ बाक्सर निवासी गांव निम्नाबाद का नाम सामने आया जो कई दिनों से फरार चल रहे थे। सीआईए स्टॉफ सफीदों ने फरार आऱोपी संजू गिरी व आजाद उर्फ बाक्सर को गिरफ्तार किया।












