जनगणना अभियान में सही जानकारी दें नागरिक : एसडीएम पुलकित मल्होत्रा

6
सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा
सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना अभियान देश के विकास और भविष्य की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि प्रशासन द्वारा अधिकृत प्रगणकों को सही, सटीक और नवीनतम जानकारी देकर जनगणना कार्य में सहयोग करें। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि गणना कर्मियों के पास प्रशासन द्वारा जारी पहचान पत्र है, जिसे देखकर ही जानकारी साझा करें। जनगणना के दौरान किसी भी नागरिक से बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, पैन कार्ड अथवा अन्य वित्तीय जानकारी नहीं मांगी जाएगी। नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से सतर्क रहें। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया के बाद अब प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जा रहा है, जिसे 30 मई तक पूरा किया जाएगा। नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सरकारी आंकड़ों और योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े ही भविष्य में संसाधनों के उचित वितरण और विकास योजनाओं को दिशा प्रदान करते हैं। प्रशासन की ओर से आमजन से सहयोग, जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में भागीदारी करने की अपील की गई है। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि जनगणना के दौरान प्रगणकों द्वारा मकान की स्थिति, भवन निर्माण सामग्री, परिवार के सदस्यों की संख्या, पेयजल, बिजली, शौचालय, इंटरनेट, गैस कनेक्शन, मोबाइल, वाहन सहित अन्य आवश्यक सामाजिक एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी ली जाएगी। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन 1855 और जिलास्तर पर 01681-245206 पर संपर्क कर सकते हैं।