अयोध्या नगरी तैयार है… भगवान राम के भव्य स्वागत के लिए। राम मंदिर में सुबह 8 बजे से कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। राम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उल्लास है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड में मंदिरों को फूलों और लाइट से सजाया गया है। इन राज्यों में अलग-अलग जगहों पर लाखों दीये जलाए जाएंगे।
राज्यों में जश्न की तस्वीरें देखें…

हरिद्वार के हर की पौड़ी घाट पर 21 जनवरी की शाम को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई।

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीती शाम देहरादून में दीप जलाए।

मुंबई में बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया को इस तरह से सजाया गया है।

एंटीलिया के बाहर भी खूबसूरत सजावट की गई है।

महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार शाम भक्तों ने भगवान राम, माता सीता, लक्षमण और हनुमान की रंगोली बनाई।

गुरुग्राम में रविवार को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर झांकी निकाली गई, जिसमें कलाकर कुछ ऐसे तैयार होकर निकले।

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में फूल-पत्तियों से भगवान राम की 50*60 फीट की रंगोली बनाई गई है।
जानिए राज्यों में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कैसी तैयारियां है….
राजस्थान: जयपुर में मिनी राम मंदिर का प्रतिरूप बनाया, इस पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाएंगे

जयपुर में अल्बर्ट हॉल के सामने श्रीरामलला दीपोत्सव होगा। यहां मिनी राम मंदिर का प्रतिरूप बनाकर दीपावली मनाई जाएगी। पूरे रामनिवास बाग को अयोध्या नगरी के रूप में सजाया गया है। यहां शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इस पर हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश होगी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
मध्य प्रदेश: महाकाल मंदिर सजाया गया, जबलपुर के गवारीघाट में 51 हजार दीप जलाए जाएंगे

उज्जैन के भगवान महाकाल मंदिर समेत प्रदेश के सभी प्रमुख और छोटे-बड़े मंदिरों में विशेष साज सज्जा की गई है। भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन राम मय हो गई है। सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए महाकाल मंदिर में आकर्षक लाइटिंग और सजावट की गई है।
जबलपुर में दोपहर 12 बजे पश्चिम विधानसभा के 21 चौराहों पर एक साथ शंखनाद किया जाएगा। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ब्राह्मणों के साथ उपस्थित रहेंगे। शाम 6 बजे मां नर्मदा तट ग्वारीघाट में 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…
बिहार: जानकी जन्मभूमि, जनकपुर धाम समेत कई मठों-मंदिरों में 10 लाख दीप जलाने का लक्ष्य

सीतामढ़ी में जानकी जन्मभूमि पुनौराधाम में 51 हजार, रजत द्वार जानकी मंदिर और उर्विजा कुंड पर 21 हजार और इसके अलावा पंथ पाकड़, हलेश्वर स्थान, बगही धाम, वैष्णव मंदिर, नारायण पर स्थिति राम जानकी मठ पर 11 हजार और जनकपुर धाम में 1 लाख समेत जिलें के सैकड़ों मठ मंदिरों पर दस लाख से अधिक दीप जलाने का लक्ष्य है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश: मंदिरों में प्राण-प्रतिष्ठा का लाइव टेलिकास्ट होगा, लाखों दीये जलाए जाएंगे

हरियाणा के 15 हजार मंदिरों में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठका का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। वहीं रात होते ही पूरे हरियाणा के मंदिरों व घरों में दीयों को जलाया जाएगा और आतिशबाजी की जाएगी।श्री राम लला के स्वागत के लिए राज्यभर में शोभायात्राएं व पदयात्राएं निकाली जा चुकी हैं।