सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के रामपुरा रोड पर अज्ञात कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारकर घायल कर दिया। इस संबंध में थाना शहर सफीदों में मामला दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव टीटो खेड़ी निवासी सुनील कुमार ने कहा कि 19 जून की सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल पर सफीदों के रामपुरा रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात कार का चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को संभाला और उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।












