बुजुर्ग महिला से माफी मांगते दिखे आरोपी
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : शहर में 23 मई को हुई बुजुर्ग महिला से लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सख्त संदेश देने के लिए आरोपियों को शहर के मुख्य बाजार में घुमाया और उनकी परेड निकाली। इतना ही नहीं, पुलिस तीनों आरोपियों को पीड़ित बुजुर्ग महिला के घर भी लेकर पहुंची, जहां महिला ने उनकी पहचान की। इस दौरान आरोपी महिला से माफी मांगते नजर आए, लेकिन महिला ने उन्हें जमकर फटकार लगाई। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सीआईए प्रभारी राधेश्याम और सिटी थाना प्रभारी राजकुमार राणा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपियों में से एक युवक पीड़िता का पड़ोसी ही निकला। गौरतलब है कि वार्ड नंबर 6 निवासी बुजुर्ग महिला कृष्णा अपने घर में बनी छोटी दुकान पर बैठी थी। तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने खुद को सर्फ बेचने वाला बताकर महिला को बातचीत में उलझाने की कोशिश की। जब महिला ने सामान लेने से मना किया, तो एक आरोपी ने अचानक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इस अचानक हमले से महिला दर्द से तड़प उठी और कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी उसके कानों से बालियां झपट कर फरार हो गए। इस दौरान महिला के कान बुरी तरह जख्मी हो गए और खून बहने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सफीदों के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी थाना पुलिस और सीआईए टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों वार्ड नंबर 2 निवासी विकास और हाजियों वाला कुआं निवासी राहुल को गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जहां पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस ने तीसरे आरोपी सुनील निवासी सफीदों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ की टीम हुडा ग्राउंड सफीदों पहुंची, जहां आरोपी सुनील पुलिस को देखकर भागने लगा। भागते समय उसके पैर में चोट लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को पकड़ने के बाद पुलिस ने उन्हें शहर के बाजार में घुमाकर परेड निकाली। इसके बाद आरोपियों को पीड़ित महिला के घर ले जाया गया, जहां महिला ने उनकी पहचान की। इस दौरान आरोपी महिला से माफी मांगते नजर आए, लेकिन महिला ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। थाना प्रभारी राजकुमार राणा ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। तीसरे आरोपी सुनील को अदालत में पेश करके रिमांड की मांग की जाएगी ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं ये आरोपी अन्य वारदातों में भी शामिल तो नहीं रहे हैं। इसके लिए उनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।












