डॉ. अर्चना गुप्ता को बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बनाने से वैश्य समाज खुश 

4
लड्‌डू बांटकर खुशी मनाते हुए अग्रवाल समाज के लोग
लड्‌डू बांटकर खुशी मनाते हुए अग्रवाल समाज के लोग

अग्रवाल वैश्य समाज ने सफीदों में लड्‌डू बांटकर मनाया जश्न 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति की घोषणा होने पर अग्रवाल वैश्य समाज सफीदों ने खुशी मनाई। नगर की पुरानी अनाज मंडी स्थित अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश सचिव एवं अग्रवाल धर्मशाला के प्रधान शिवचरण कंसल के प्रतिष्ठान पर समाज के गणमान्य लोग एकत्रित हुए। यहां लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया और डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति को बीजेपी का ऐतिहासिक निर्णय बताया। इस अवसर पर राईस मिलर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष जैन और अग्रवाल वैश्य समाज के अध्यक्ष प्रवीन मित्तल सहित वैश्य समाज के प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे। समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद ज्ञापित किया। अपने संबोधन में अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश सचिव शिवचरण कंसल ने कहा कि पार्टी ने एक योग्य, शिक्षित और कर्मठ महिला को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर एक सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा यह पद देकर अग्रवाल समाज का मान बढ़ाया गया है, जिससे समाज के लोगों में आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार हुआ है। पार्टी का यह फैसला समाज के सम्मान और भागीदारी को नई दिशा देने वाला है। वहीं राईस मिलर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष जैन ने इसे पूरे अग्रवाल समाज के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि किसी महिला का इस उच्च संगठनात्मक पद पर पहुंचना न केवल समाज के लिए बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता का नेतृत्व अग्रवाल समाज की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। यह नियुक्ति महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा और युवा पीढ़ी को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. अर्चना गुप्ता अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के बल पर पार्टी को नई दिशा देंगी और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।